पिछले महीने सलमान खान की फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' 2850 सिनेमाघरों में 4600 स्क्रीन्स पर लगी थी। इतने ज्यादा परदे मिलने और दीपावली की बड़ी छुट्टी होने की वजह से फिल्म ने पहले दिन 44 करोड़ का रिकॉर्ड व्यवसाय किया।
पिछले साल शाहरुख़ खान की 'हैप्पी न्यू ईयर' ने भी दीपावली के अगले दिन की रिलीज़ पर 41 करोड़ का रिकॉर्ड बनाया था। 2013 में ईद पर आई उनकी "चेन्नई एक्सप्रेस’ ने पहले दिन 30 करोड़ कमाए थे।
इस बार शाहरुख ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं बना पाएंगे। रोहित शेट्टी के साथ उनके बैनर की फिल्म 18 दिसंबर को आ रही है और सामने रणवीर सिंह- दीपिका पादुकोण स्टारर लग रही है।
इससे शोज़ और दर्शकों की संख्या बंटने के चलते शाहरुख़ न तो पहले दिन कमाई का रिकॉर्ड बना पाएंगे, न ही पहले वीकेंड पर रिकॉर्ड बनेगा। फिलहाल मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन बंटवारे को लेकर बैठकें चल रही हैं।
शाहरुख़ की टीम 60 फीसदी सिनेमाघर लेने में कामयाब होती है तो भी उन्हें 3200 स्क्रीन की मिलेंगे। दीपिका-रणवीर की फिल्म को करीब 2800 स्क्रीन मिलेंगे। ट्रेड और लोगों का रुझान देखते हुए जानकार शाहरुख़ की फिल्म का पहले दिन का कारोबार सिर्फ 22 से 24 करोड़ बता रहे हैं।
यानि सलमान का 44 करोड़ का रिकॉर्ड तोड़ना तो दूर वे अपने ही 41 और 30 करोड़ के कीर्तिमान से पीछे जा रहे हैं। रणवीर स्टारर के पहले दिन 12- 14 करोड़ कमाने का रुझान है। यानी दोनों फिल्मों की कुल कमाई पहले दिन 35 करोड़ तक ही सिमट जाएगी।
खास बात ये भी है कि 18 दिसंबर बड़ी छुट्टी का दिन नहीं है, बावजूद इसके दोनों पक्ष अपनी बड़ी फिल्में साथ रिलीज़ कर रहे हैं और नुकसान झेलने वाले हैं। प्रिंट व प्रचार के 25 करोड़ को मिलाकर शाहरुख की फिल्म 175 करोड़ की होती है।
इसे टीवी प्रदर्शन अधिकार 50 करोड़ में बिक चुके हैं। संगीत अधिकारों के बदले 22 करोड़ मिले हैं। जानकार कहते हैं काफी एनआरआई फैंस के चलते शाहरुख़ की फिल्म ओवरसीज में 40 करोड़ तो आसानी से कमा ही लेगी।
यानी वे 112 करोड़ की पूंजी सुरक्षित कर चुके हैं। भंसाली की रणवीर स्टारर फिल्म के टीवी प्रदर्शन अधिकार अभी नहीं बिके हैं। प्रिंट व प्रचार खर्च सहित इसकी लागत 165 करोड़ पड़ती है।
0 comments:
Post a Comment